गैर संचारी रोगों से बचाव को लेकर सीएचसी में जागरूकता गोष्ठी
शाहगंज,जौनपुर।
एखलाक खान
तहलका 24×7
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में गैर संचारी रोग जागरूकता माह के तहत गोष्ठी आयोजित की गई।गोष्ठी में चिकित्सकों ने मधुमेह,उच्च रक्तचाप, हृदय रोग और कैंसर जैसी बीमारियों से बचाव के उपाय बताए।कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए अधीक्षक डॉ. रफीक फारूकी ने कहा कि बदलती जीवनशैली, अनियमित खानपान,धूम्रपान और शारीरिक गतिविधियों में कमी के कारण गैर संचारी रोग तेजी से बढ़ रहे हैं।

उन्होंने लोगों से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने,संतुलित भोजन लेने और प्रतिदिन व्यायाम करने की अपील की। कहा कि समय रहते जागरुक होकर इन बीमारियों से काफी हद तक बचाव संभव है।डॉ.जमालुद्दीन खान ने कहा कि मधुमेह और उच्च रक्तचाप जैसी बीमारियां शुरुआती दौर में सामान्य लगती हैं,लेकिन लापरवाही बरतने पर गंभीर रूप ले लेती हैं।उन्होंने लोगों को मीठे व तैलीय भोजन से परहेज करने तथा नियमित रुप से ब्लड शुगर और रक्तचाप की जांच कराने की सलाह दी।

डॉ. आरबी यादव ने कहा कि हृदय रोग और कैंसर जैसी बीमारियों का मुख्य कारण तनावपूर्ण जीवन,असंतुलित दिनचर्या है।उन्होंने नियमित योग,पर्याप्त नींद और नशामुक्त जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया।साथ ही तंबाकू सेवन पूरी तरह छोड़ने की अपील की।डॉ. राकेश कुमार व डॉ. संजीव ने कहा कि गैर संचारी रोग संक्रामक नहीं होते,लेकिन हर वर्ष बड़ी संख्या में लोगों की जान लेते हैं।

उन्होंने नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने,फास्ट फूड से दूरी बनाने और हरी सब्जियों व फलों का सेवन बढ़ाने की सलाह दी।चिकित्सकों ने मरीजों और उनके तीमारदारों के सवालों के जवाब भी दिए।इस अवसर पर फार्मासिस्ट गिरीश चंद्र यादव, प्रदीप सिंह,उमाकांत सुमन,रमेश कुमार,सुरेंद्र कुमार,बबीता,सविता,कविता, दुर्गावती सहित मरीज व उनके तीमारदार मौजूद रहे।
















