गोंडोला में तकनीकी खराबी,हवा में फंसे 300 पर्यटक
जम्मू।
तहलका 24×7
गुलमर्ग गोंडोला में सोमवार को तकनीकी खराबी आने के कारण केबल कार सेवा बीच रास्ते में रुक गई,जिससे करीब 300 पर्यटक हवा में फंस गए। घटना के बाद कुछ समय के लिए पर्यटकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।सूचना मिलते ही सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और नागरिक प्रशासन की संयुक्त रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंच गईं।

युद्ध स्तर पर राहत एवं बचाव अभियान चलाकर फंसे पर्यटकों को सुरक्षित नीचे उतारने का कार्य शुरु किया गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार,केबल कार अचानक रुकने से कई ट्रॉलियां हवा में लटक गईं,जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई।हालांकि राहत की बात यह रही कि रेस्क्यू टीमों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए अधिकांश पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

गौरतलब है कि गुलमर्ग स्थित यह गोंडोला एशिया की सबसे ऊंची तथा दुनिया की प्रमुख केबल कार सेवाओं में गिनी जाती है और हर वर्ष बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंचते हैं।


















