चचेरे भाइयों पर मानसिक रुप से कमजोर नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप,पुलिस ने दोनों को भेजा जेल
वाराणसी।
तहलका 24×7
जिले के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में एक मानसिक रुप से कमजोर नाबालिग किशोरी के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई।पुलिस ने पीड़िता के पिता की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दो सगे चचेरे भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार,आरोपित किशोरी को रथयात्रा मेला घुमाने का बहाना बनाकर घर से अपने साथ ले गए।आरोप है कि रास्ते में दोनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया और किसी को घटना की जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी दी।घर लौटने के बाद किशोरी ने परिजनों को पूरी घटना बताई।इसके बाद परिजन थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।पुलिस ने तत्काल दुष्कर्म और पॉक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ की और बाद में उन्हें न्यायालय में पेश किया,जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।थानाध्यक्ष गोपालजी कुशवाहा ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है।पुलिस सभी साक्ष्यों को एकत्र कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।पुलिस ने कहा कि पीड़िता की पहचान गोपनीय रखते हुए उसे आवश्यक कानूनी संरक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है।


















