मंदिर से मूर्ति लेकर तालाब में कूदी सॉफ्टवेयर इंजीनियर,सीसीटीवी फुटेज से जांच में नया मोड़
हैदराबाद।
तहलका 24×7
पीरजादीगुडा क्षेत्र में एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर की मौत का मामला रहस्यमयी बन गया है। आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले की रहने वाली तेजस्विनी, बेंगलुरु में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रुप में कार्यरत थीं,जिनका शव तालाब से बरामद हुआ।पुलिस जांच के दौरान सामने आए सीसीटीवी फुटेज ने मामले को नया मोड़ दे दिया है।

पुलिस के अनुसार घटना की रात तेजस्विनी स्थानीय मंदिर पहुंचीं।सीसीटीवी फुटेज में उन्हें मंदिर परिसर में संदिग्ध परिस्थितियों में प्रवेश करते और वहां से देवी अम्मावरु की मूर्ति लेकर बाहर जाते हुए देखा गया। इसके बाद वह पास के तालाब की ओर जाती दिखाई दीं।प्रारंभिक जांच के मुताबिक,उन्होंने तालाब में छलांग लगा दी।बाद में पुलिस ने तालाब से तेजस्विनी का शव बरामद कर लिया,लेकिन मंदिर से ले जाई गई मूर्ति अब तक नहीं मिली है।

मूर्ति की तलाश के लिए पुलिस और डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स की टीमें तलाशी अभियान चला रही हैं।पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। अभी तक आत्महत्या के पीछे के कारणों या मंदिर से मूर्ति ले जाने के उद्देश्य के बारे में कोई आधिकारिक निष्कर्ष सामने नहीं आया है।अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट,फॉरेंसिक साक्ष्यों और अन्य जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


















