चाट व गोल गप्पे खाकर फ़ूड प्वाजनिंग के शिकार हुए डेढ़ दर्जन लोग
पिंडरा, वाराणसी।
नीतेश गुप्ता
तहलका 24×7. फूलपुर थाना क्षेत्र के पिंडराई गांव में गुरुवार को शाम चाट व गोल गप्पे खाने से एक दर्जन से अधिक लोग फ़ूड प्वाजनिंग के शिकार हो गए। जिसमें ज्यादातर बच्चे रहे। सूचना पर विधायक, एसडीएम समेत अनेक अधिकारी मौके पर पहुंच कर स्थिति के बाबत जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए।

बताते है कि गांव का ही एक युवक रंगोली गांव में घूम घूम कर ठेले पर गोल गप्पे और चाट बेचता है। गुरुवार की शाम राजभर बस्ती के लोग उससे चाट व गोल गप्पे खाये। रात्रि 12 बजे लोगों की तबियत अचानक बिगड़ने लगी और उल्टी, दस्त के साथ पेट में दर्द होने पर आसपास के चिकित्सकों से अपना इलाज कराया। लेकिन कोई लाभ न मिलने पर शुक्रवार को देर शाम पीएचसी पहुंचे, जहां उनका इलाज शुरु हुआ।

मामले की सूचना मिलते ही पिंडरा महोत्सव में मौजूद विधायक डॉ. अवधेश सिंह, एसडीएम प्रतिभा मिश्रा, तहसीलदार विकास पांडेय पीएचसी पिंडरा पहुंच गए और बीमार लोगों का हालचाल लेने के बाद चिकित्सक को बेहतर इलाज करने का निर्देश दिया। पीएचसी पिंडरा पर पहुंचने वालो में वर्षा (10), रोशनी (4), खुशी (19), श्रेया (24), अंकुश (4), बिरार (8), सचिन (14), खुशबू (20), अंशिका (21), सगीरा (33), प्रीति (17), नीतू (26), विशाखा (17), निशा (21), श्रेया (17) व शिवानी (14) रहीं। जिसमे सभी बच्चों का इलाज करने के बाद देर रात्रि में छोड़ दिया गया। चार महिलाओं को पेट दर्द होने पर ड्रिप लगाया गया।

प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. वरुण कुमार ने बताया कि सभी की हालत सामान्य होने पर छोड़ दिया गया। चार महिलाओं को भर्ती कर ड्रिप चढ़ाया गया।
वही गोल गप्पे खाने से बीमार होने की सूचना तेजी से फैलने व अनहोनी की सूचना पर कांग्रेसी नेता शांतनु राय, रिशु सिंह समेत अनेक लोग अस्पताल पहुंच गए। जिससे अस्पताल में भारी भीड़ लग गई।

















