जंतर-मंतर पर दूसरे दिन भी गरमाया रहा आंदोलन,शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग पर अड़े प्रदर्शनकारी,संसद मार्च जारी
नई दिल्ली।
तहलका 24×7
राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर मंगलवार को भी प्रदर्शन जारी रहा।प्रदर्शनकारी शिक्षा व्यवस्था में कथित अनियमितताओं और NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर अड़े हुए हैं।सोमवार को पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई झड़प के बाद भी बड़ी संख्या में छात्र,युवा और विभिन्न संगठनों के लोग जंतर-मंतर पहुंचे।

आंदोलन का नेतृत्व कर रहे अभिजीत दीपके ने कहा कि जब तक उनकी प्रमुख मांगें पूरी नहीं होतीं,तब तक “संसद चलो”अभियान जारी रहेगा।प्रदर्शनकारियों का कहना है कि शिक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और परीक्षा प्रक्रिया में सुधार की आवश्यकता है।उधर,दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर और संसद मार्ग के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।बैरिकेडिंग बढ़ाई गई है और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे।सोमवार को हुई झड़प में कई पुलिसकर्मियों के घायल होने का दावा भी पुलिस ने किया है।

प्रदर्शन को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है।विपक्षी दलों के कई नेताओं ने आंदोलन का समर्थन करते हुए पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं,जबकि सरकार की ओर से अभी तक प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगों पर कोई नई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। प्रदर्शन स्थल पर विभिन्न छात्र संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की मौजूदगी बनी हुई है।प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।


















