जयमाल के बाद टूटी शादी, समझौते के बावजूद बारातियों से मारपीट का आरोप
खेतासराय, जौनपुर।
डॉ. सुरेश कुमार
तहलका 24×7
क्षेत्र के लेदरही गांव में एक शादी समारोह उस समय विवादों में घिर गया,जब जयमाल की रस्म पूरी होने के बाद दुल्हन पक्ष ने विवाह से इनकार कर दिया।मामले को सुलझाने के लिए दोनों पक्षों के बीच पंचायत हुई और समझौते के तहत कथित रुप से एक लाख रुपये का ऑनलाइन लेन-देन भी हुआ,लेकिन इसके बाद भी विवाद बढ़ गया।दूल्हा पक्ष ने बारातियों के साथ मारपीट और बंधक बनाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार शाहगंज थाना क्षेत्र के ताखा पश्चिम शिवपुर निवासी अवधेश राजभर की बारात सोमवार को खेतासराय थाना क्षेत्र के लेदरही गांव पहुंची थी।स्वागत एवं जयमाल कार्यक्रम संपन्न होने के बाद विवाह की मुख्य रस्में शुरु हुईं।इसी दौरान वधू पक्ष ने अचानक शादी कराने से इनकार कर दिया,जिससे समारोह स्थल पर तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। मामले को शांत कराने के लिए दोनों पक्षों से परिजन, रिश्तेदार और ग्रामीण जुट गए।

देर रात तक चली पंचायत के बाद समझौते की बात बनी।दूल्हा पक्ष का आरोप है कि समझौते के तहत वधू पक्ष को ऑनलाइन माध्यम से एक लाख रुपये का भुगतान भी किया गया।पीड़ित पक्ष के अनुसार,इसके बावजूद मंगलवार सुबह करीब सात बजे कुछ लोगों ने गाली-गलौज करते हुए दूल्हा पक्ष के लोगों को रोक लिया और जान से मारने की धमकी दी।विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई।

घटना में दूल्हा अवधेश राजभर,उनके पिता वंशराज राजभर,भाई राकेश राजभर तथा मामा त्रिवेणी राजभर घायल हो गए।पीड़ित परिवार ने नामजद एवं अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि दूल्हे की तहरीर के आधार पर मारपीट का मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।पुलिस मामले की जांच कर रही है।

















