जर्जर मार्ग, बजबजाती नालियां अब जज कॉलोनी की पहचान… 

जर्जर मार्ग, बजबजाती नालियां अब जज कॉलोनी की पहचान…

# जमा दूषित पानी मच्छरों की आरामगाह, डेंगू के अनजाने भय से लोग हलकान

जौनपुर। 
विश्व प्रकाश श्रीवास्तव 
तहलका 24×7 
          मूलभूत सुविधाओं बिजली-पानी-नाली-सड़क से सम्पन्न एंव सबसे शांत कॉलोनियों में शुमार जज कॉलोनी की वर्तमान स्थिति बेहद बदहाल हो गयी है। जर्जर मार्ग, टूटी-फूटी नालियां और सड़क पर फैला नाली का गंधा पानी अब जज कॉलोनी की पहचान बन गयी है जिसका दंश कॉलोनी का हर रहवासी झेल रहा है।
गौरतलब है कि कॉलोनी में बीते वर्ष नवीन नाली निर्माण का कार्य हुआ लेकिन जो कार्य हुआ अभी वो नवीन नाली तो चालू हुई नही, उसके साथ-साथ जो पुरानी नाली कार्य कर रही थी वह भी चोक होने के चलते गंदा पानी सड़कों पर फैल गया है जिसमें से होकर राहगीरों को गुजरना पड़ता है। चोक नालियों एंव जमा दूषित पानी से संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका से कालोनी निवासी भयग्रस्त हैं।
इस संबंध में कॉलोनी के निवासी पूर्व इंजीनियर प्रमोद सिंह, एडवोकेट आशीष यादव, संदीप गुप्ता ने बताया कि यह स्थिति काफी दिनों से बनी है, घरों से निकलने वाला पानी नाली में न जाकर सड़कों पर बहता रहता है यहां की रोड एंव नालियां दुरुस्त नहीं हैं। हम लोगों को इसी गंदे कीचड़ युक्त पानी में से आना-जाना पड़ता है, कभी कभी टूटे हुए चेम्बर में पैदल चलने वालों के पैर चले जाते है या गाड़ी-साइकिल से चलने वालों के पहिये फंस जाते है जिसके कारण उंन्हे गंभीर चोट भी लग जाती है।
इसी कॉलोनी के एनके श्रीवास्तव ने बताया कि बरसात न भी हो तब भी यहां की सड़को पर पानी भरा रहता है। कई बार संबंधित उच्चाधिकारियों को इस समस्या से अवगत भी कराया जा चुका है लेकिन कोई भी जिम्मेदार समस्या पर ध्यान नहीं देता। वहीं पूर्व प्रधानाचार्य रणजीत सिंह ने बताया कि आजकल डेंगू बुखार, मलेरिया जैसी तमाम बीमारियां गंदगी के कारण ही फैल रही है, अगर समय रहते रोड और नालियां दुरूस्त नहीं की जाती हैं तो संक्रमण फैलने से इंकार नहीं किया जा सकता है।
Previous articleजौनपुर : जनता ने दिया मौका तो किसी काम में नहीं रहेगा लेकिन… रमाशंकर यादव ‘झूरी’
Next articleजौनपुर : अब्दुल कलाम देश के युवाओं के लिए हैं प्रेरणास्रोत- अजीत सिंह
Tahalka24x7
तहलका24x7 की मुहिम... "सांसे हो रही है कम, आओ मिलकर पेड़ लगाएं हम" से जुड़े और पर्यावरण संतुलन के लिए एक पौधा अवश्य लगाएं..... ?