जहरीले जन्तु के काटने से चार वर्षीय मासूम की मौत,परिवार में कोहराम
खेतासराय, जौनपुर।
डॉ. सुरेश कुमार
तहलका 24×7
क्षेत्र के चकमारूफपुर मनेछा गांव में गुरुवार तड़के जहरीले जन्तु के काटने से चार वर्षीय मासूम की मौत हो गई।परिजनों के अनुसार सोते समय किसी जहरीले जन्तु ने बच्चे को काट लिया,जिसके बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई।इलाज के लिए परिजन उसे दो निजी अस्पतालों में लेकर पहुंचे,लेकिन चिकित्सक उसकी जान नहीं बचा सके।घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार गांव निवासी विक्रम बिंद के चार वर्षीय पुत्र काशी बिंद गुरुवार भोर में घर के बाहर चारपाई पर सो रहा था।अचानक वह घबराकर उठा और अपनी मां देवी बिंद से बताया कि उसे किसी चीज ने काट लिया है।कुछ ही देर में उसकी हालत बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजन उसे तत्काल शाहगंज के एक निजी अस्पताल ले गए।चिकित्सकों ने बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे रेफर कर दिया।इसके बाद परिजन उसे खेतासराय के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और मां का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
परिजन बच्चे का शव घर ले आए,जहां ग्रामीणों की मौजूदगी में उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।काशी तीन भाइयों में सबसे छोटा था।करीब पांच वर्ष पूर्व उसके पिता विक्रम बिंद का निधन हो चुका था।पति की मौत के बाद मां देवी बिंद किसी तरह तीनों बच्चों का पालन-पोषण कर रही थीं।अब सबसे छोटे बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
















