जातिसूचक टिप्पणियों के विरोध में सुभासपा का प्रदर्शन,मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
# पिछड़े,अति पिछड़े,दलित और आदिवासी समाज के सम्मान व सुरक्षा की मांग,दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की उठाई मांग
जौनपुर।
गुलाम साबिर
तहलका 24×7
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जातिसूचक,अपमानजनक टिप्पणियों के विरोध में प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा।कार्यकर्ताओं ने पिछड़े, अति पिछड़े,दलित व आदिवासी समाज के सम्मान, सुरक्षा और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

ज्ञापन के माध्यम से पार्टी पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दलों के नेताओं, कार्यकर्ताओं द्वारा सार्वजनिक मंचों और सोशल मीडिया पर जातिसूचक एवं आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया जा रहा है,जिससे सामाजिक सौहार्द और भाईचारे का माहौल प्रभावित हो रहा है।ऐसे मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।

सुभासपा नेताओं ने कहा कि सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जा रहे आपत्तिजनक एवं भड़काऊ कंटेंट पर भी प्रभावी निगरानी रखते हुए कार्रवाई की जाए, ताकि किसी भी वर्ग की भावनाएं आहत न हों और समाज में सौहार्द बना रहे।पार्टी ने जिला प्रशासन से अनुरोध किया कि मुख्यमंत्री तक ज्ञापन पहुंचाकर मामले की निष्पक्ष जांच,दोषियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई तथा वंचित वर्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।प्रदर्शन के दौरान पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।


















