जौनपुर : ओटीपी पूछकर जालसाजों ने खाते से उड़ाए 10 हजार
गौरा बादशाहपुर। दीपक श्रीवास्तव तहलका 24×7 थाना क्षेत्र के धर्मापुर यूनियन बैंक के एक खाता धारक के खाते से जालसाजों ने मोबाइल पर एसी जीतने का झांसा देकर ओटीपी भेजने के बाद खाते में जमा 10 हजार सात सौ रुपये उड़ा दिए। पैसा निकलने का मैसेज आने पर खाताधारक परेशान हो गया। बैंक में पहुंचकर मामले की शिकायत कर खाते को ब्लॉक करवा दिया है।
जफराबाद थाना क्षेत्र के करमही गांव के निवासी उमेश कुमार के मोबाइल नंबर पर मंगलवार को सुबह सवा आठ बजे एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल उठाने पर सामने वाले व्यक्ति ने उमेश कुमार से कहा कि आप के मोबाइल नंबर को लकी नंबर में चुना गया है और आप के नंबर ने एक एसी जीता है। उसने कहा कि कॉल कट होने के बाद आप के नंबर पर अभी एक ओटीपी जाएगा उसी ओटीपी नंबर को बता दीजिए। दूसरी बार कॉल करने पर उमेश ने उक्त अज्ञात व्यक्ति को एसी पाने के लालच से ओटीपी नंबर बता दिया।
कॉल कट होने के 15 मिनट बाद ही उमेश के मोबाइल नंबर पर मैसेज आया कि उसके खाते से दस हजार सात सौ रुपये निकाल लिए गए है। मैसेज पढ़ने के बाद ही उमेश बदहवास हो गया। वह यह समझ गया कि उसके साथ किसी ने जालसाजी कर लिया है। उसने धर्मापुर बाजार स्थित यूनियन बैंक जाकर खाता को तत्काल ब्लॉक करवाने के लिए प्राथना पत्र दिया। थानाध्यक्ष जफराबाद राजाराम द्विवेदी ने बताया कि अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। यदि तहरीर मिलती है तो जांच पड़ताल की जाएगी।