जौनपुर : जन्मदिन पर युवती को फायरिंग करना पड़ा महंगा
# पुलिस ने पकड़ा तो बोली- प्लीज छोड़ दीजिए, नवंबर में है मेरी शादी
सुइथाकलां।
मो आसिफ
तहलका 24×7
भतीजे के जन्मदिन पार्टी पर देशी कट्टे से फायरिंग करना एक युवती को करीब आठ माह बाद महंगा पड़ गया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने युवती को हिरासत में ले लिया। थाने में युवती यही गुहार लगाती रही कि प्लीज छोड़ दीजिए, नवंबर में मेरी शादी होनी है। बात आगे बढ़ी तो मेरी शादी टूट जाएगी। युवती के परिजन भी पुलिस से यह गुहार लगाते दिखे। मामला सरपतहां थाना क्षेत्र का है, पुलिस युवती से पूछताछ में जुटी है।

दरअसल, मंगलवार शाम सोशल मीडिया पर एक छह सेकेंड का वीडियो वायरल हुआ। वीडियो में लाल रंग के कपड़ा पहनी युवती के हाथ में देशी कट्टा है और वह उससे फायरिंग करती दिख रही है। वायरल वीडियो को एक सोशल मीडिया यूजर ने युवती की पहचान उजागर करने के साथ ही पारिवारिक पृष्ठभूमि भी उजागर की है। जिसके बाद पुलिस हरकत में आ गई। शिनाख्त होने के बाद बुधवार सुबह उक्त युवती के घर पुलिस धमक गई। युवती को हिरासत में लेकर सरपतहां थाना लाया गया।

# युवती के परिजन हताश और परेशान
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में यह पता चला कि वायरल वीडियो सात-आठ माह पहले का है। भतीजे के जन्मदिन पर घर आए कुछ लोगों ने उसे फायरिंग करने के लिए देशी कट्टा दिया था। तब किसी ने हर्ष फायरिंग करते हुए वीडियो बना लिया जो अब जाकर इंटरनेट पर डाल दिया गया और वो वायरल हो गया। थाने में युवती ने गुहार लगाई कि उसकी शादी नवंबर में होनी है। कहा कि उसे छोड़ दिया जाए नहीं तो शादी टूट सकती है।


















