जौनपुर : डेंगू संक्रमण ज्यादा होने पर संयुक्त निदेशक ने किया बदलापुर का निरीक्षण
# सीएचसी में गंदगी देख संयुक्त निदेशक हुए नाराज, अधीक्षक को लगाई फटकार
बदलापुर। दीपक श्रीवास्तव तहलका 24×7 संयुक्त निदेशक स्वास्थ्य जीसी द्विवेदी बृहस्पतिवार को निरीक्षण के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। केंद्र पर गंदगी देखकर सीएचसी अधीक्षक को फटकार लगाई। इसके अलावा उन्होंने बदलापुर थाने का भी निरीक्षण किया। यहां पर डेंगू के लार्वा मिलने पर भी नाराजगी जताई। जिला मलेरिया अधिकारी को इस बाबत पत्र खिलकर अवगत कराने का निर्देश दिया।
बदलापुर इलाके में 28 दिन में डेंगू के कई मामले सामने आ चुके हैं। प्रारंभिक जांच में करीब 200 लोग डेंगू से पीड़ित पाए गए हैं। लगातार नए केस मिलने से क्षेत्र में दहशत है। वहीं स्वास्थ्य महकमा चिंतित है। बृहस्पतिवार को यहां की स्थिति जानने के लिए मंडल प्रभारी तथा वाराणसी मंडल के संयुक्त निदेशक स्वास्थ्य जीसी द्विवेदी, जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. वीपी सिंह सीएचसी में पहुंचे। अधिकारियों ने सबसे पहले प्रथम तल पर एंबुलेंस चालकों के आवास का निरीक्षण किया। आवास के आसपास तथा सामने गंदगी देखकर नाराजगी जताई। छत पर भी जलभराव तथा घासफूस देखकर नाराजगी जताई।
परिसर में मरीजों के लिए लगी आरओ मशीन बंद पड़ी मिली। बरामदे में रखी गई डेंटल चेयर टूटी मिली। सीएचसी में गंदगी देखकर उन्होंने नाराजगी जताई। अधीक्षक को व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने लिए निर्देश दिया। साथ ही सीएमओ से फोन पर बात कर कार्रवाई का निर्देश दिया। निरीक्षण के बाद जिला मलेरिया अधिकारी के नेतृत्व में चलाए गये विशेष अभियान की समीक्षा की। अभियान में शामिल लोगों के वार्ड का भी निरीक्षण किया। जेडी स्वास्थ्य की इस कार्रवाई से स्वास्थ्य कर्मियों में हड़कंप की स्थिति देखी गई।