जौनपुर : पुल की टूटी रेलिंग और जर्जर सड़क दे रही है बड़ी दुर्घटना को दावत…
# अयोध्या- काशी मुख्य मार्ग का मामला, जिम्मेदार हैं बेखबर
बीबीगंज।
अनूप जायसवाल
तहलका 24×7
अयोध्या काशी मुख्य मार्ग पर पुलसराय बाजार में कुंवर नदी के पुल के गहरे गड्ढे और कई स्थानों पर टूटी रेलिंग बड़ी दुर्घटना को दावत दे रहे हैं और जिम्मेदार बेखबर हैं। इस व्यस्तम पुल से हर रोज हजारों वाहन गुजरते हैं। कई कस्बे और गांव इस सड़क से जुड़ें हैं इधर से आवाजाही करने वाले हमेशा दुर्घटना के लिए आशंकित रहते हैं। अगर पुल को जल्द ठीक नहीं किया गया तो गंभीर हादसा हो सकता है।

बताते चलें कि 15 दिन पूर्व एक स्कॉर्पियो पुल की रेलिंग को तोड़ते हुए नदी में नीचे गिर गई। गनीमत रही कि ड्राइवर और उसमें सवार लोगों ने किसी तरह कूद कर अपनी जान बचाई। तब से पुल की रेलिंग टूटी पड़ी है। किसी जिम्मेदार ने इसको बनवाने की सुध नहीं ली।

यह पुल वर्षों पुराना है आए दिन पुल पर छोटे-मोटे हादसे होते रहते हैं। पुल जहां से शुरू हो रहा है और जहां खत्म हो रहा है बीच-बीच में रेलिंग टूट गयी है। आलम यह है कि दीवारों पर कई पेड़ झाड़ियां उग आई हैं। उनके किनारों पर गड्ढे बन चुके हैं। इस पर वाहनों के चलने से यात्रियों को झटका लग रहा है। पुल की रेलिंग में दरारें बढ़ती जा रही है लेकिन प्रशासन इस बात को अनदेखा किए हुए हैं और किसी बड़े हादसे का इंतजार करता दिख रहा है।
















