जौनपुर : बाइक चोरी की रिपोर्ट न लिखने पर लेखपालों ने घेरा कोतवाली
# एसडीएम के हस्तक्षेप के बाद दर्ज हुआ मुकदमा, तब जाकर शान्त हुए लेखपाल
शाहगंज। एख़लाक खान तहलका 24×7 तहसील के लेखपालों ने बुधवार की सुबह कोतवाली पहुंच कर घेराव करते हुए लेखपाल रोशन अली की बाइक चोरी की रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की। सूचना पर एसडीएम नीतीश कुमार कोतवाली पहुंचे और मुकदमा दर्ज करवाए तब जाकर लेखपाल शांत हुए।
मंगलवार की शाम तहसील परिसर से लेखपाल रोशन अली बाइक यूपी 70 ईए 9604 चोरी हो गई थी। जिसकी जानकारी कोतवाली पुलिस को दी गई लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं हो सका। उप जिलाधिकारी ने भी चोरी की इस घटना को लेकर प्रभारी निरीक्षक से बात की थी। बुधवार की सुबह तहसील खुली तो बाइक चोरी की वारदात की जानकारी लेखपालों को हुई और पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज करने से मना करने की बात सामने आई।
जिससे नाराज लेखपाल एकत्रित होकर कोतवाली का घेराव कर दिए। उनका कहना था कि पुलिस का रवैया उदासीन है घटना की रिपोर्ट तुरंत लिखी जानी चाहिए। लेखपालों द्वारा कोतवाली का घेराव किए जाने की जानकारी जब एसडीएम को हुई तो वह भी कोतवाली पहुंच गए। एसडीएम के पहुंचने के बाद कोतवाल ने घटना की रिपोर्ट दर्ज करायी, तब कहीं जाकर लेखपाल शांत हुए।