जौनपुर : मकान पर जबरन कब्जे का प्रयास, मोहल्ले वालों ने घर में किया कैद
शाहगंज।
एख़लाक खान
तहलका 24×7
कोतवाली क्षेत्र के पश्चिमी कौड़िया मोहल्ला स्थित जौनपुर मार्ग पर बुधवार को मनबढ़ युवकों ने जबरन मकान पर कब्जे का प्रयास किया। काफी देर तक शोरगुल होता देख मोहल्ले वालों ने मकान पर कब्जा कर रहे लोगों को घर में ही कैद कर दिया। पीड़ित की सूचना पर पहुंची पुलिस भी मनबढ़ों को घर से बाहर निकालने में नाकाम होकर लौट गई।

जानकारी के मुताबिक पश्चिमी कौड़िया निवासी कमर जहां पत्नी बदरुद्दीन ने आरोप लगाया कि उसका भाई अपने पांच साथियों के साथ जबरन उसके मकान पर कब्जा कर रहा था। कमर जहां के मुताबिक उसका मकान बद्दोपुर गांव स्थित पुश्तैनी मकान को बेचकर बनाया गया है। आरोप है कि बुधवार को उसका भाई सुहैल अपने पांच साथियों के साथ उसके घर पहुंचा और जबरन ताला तोड़ने लगा। मना करने पर सभी मारपीट पर उतारू हो गए।

शोरगुल सुनकर इकट्ठा हुए मोहल्ले के लोगों ने घर में घुसे भाई समेत सभी युवकों को मकान में ही कैद कर दिया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस पहुंची तो मनबढ़ों ने मकान को अंदर से बंद कर लिया। काफी प्रयास के बाद भी दरवाजा नहीं खुलने पर पुलिस बैरंग लौट गई। फ़िलहाल मकान के बाहर पीड़ित महिला पड़ोसियों के साथ बैठी रही।

















