जौनपुर : मेडिकल कॉलेज के कर्मियों ने किया सड़क जाम
# स्वास्थ्य कर्मियों की पुलिस व राहगीरो से हुई नोक-झोंक
# छह माह के बकाया वेतन को लेकर कर रहे थे प्रदर्शन
जौनपुर।
विश्व प्रकाश श्रीवास्तव
तहलका 24×7
उमानाथ सिंह राज्य चिकित्सा महाविद्यालय सिद्धीकपुर में स्वास्थ्य कर्मियों ने वेतन न मिलने से नाराज होकर एनएच 135ए स्थित जौनपुर-शाहगंज मार्ग जाम कर नारेबाजी की। घंटेभर चले जाम से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस व जाम में फंसे राहगीरों से स्वास्थ्य कर्मियों की नोकझोंक भी हुई। पुलिस ने किसी तरह से समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया।

उमानाथ सिंह राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में सरकार ने एजेंसी के माध्यम से स्वास्थ्य कर्मियों की नियुक्ति की है। जिसमें सन फैकेल्टी जॉब एजेंसी के माध्यम से करीब 300 और बाजपेई जॉब एजेंसी से करीब 50 स्वास्थ्यकर्मी यहां से सेवा दे रहे हैं। स्वास्थ्य कर्मियों का कहना है कि छह महीने से उन्हें वेतन नहीं मिला जिससे उनके सामने काफी समस्याएं खड़ी हो गई। कई बार इसके लिए उच्च अधिकारियों प्रधानाचार्य, सीएमएस से वार्ता की लेकिन आश्वासन पर आश्वासन ही मिलता रहा। जब उन्हें वेतन नहीं मिला तो उनके सब्र का बांध टूट पड़ा और सोमवार दोपहर दो बजे जौनपुर शाहगंज मार्ग पर बांस बल्ली रखकर सड़क जाम कर प्रदर्शन और नारेबाजी करने लगे। इस दौरान दोनों तरफ वाहनों का काफी लंबा कतार लग गई।

सूचना पर पहुंची पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच जाम समाप्त कराने को लेकर जमकर नोक-झोंक हुई।थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार मिश्र ने किसी तरह समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया। जिसके बाद आवागमन शुरू हुआ। थानाध्यक्ष ने स्वास्थ्य कर्मियों के साथ उनके अधिकारियों से मामले को लेकर वार्ता की। सीएमएस डॉ एए जाफरी ने कहा कि कर्मियों की नियुक्ति एजेंसी के माध्यम से हुई है। एजेंसी ने हमें सिर्फ काम लेने का दायित्व दिया है। भुगतान की जिम्मेदारी उसी की है। वेतन भुगतान के लिए यहां कोई उत्तरदायी नहीं है। हालांकि थानाध्यक्ष ने आश्वासन दिया कि एजेंसी से बातचीत करके उनका भुगतान कराया जाएगा।
















