जौनपुर : लोकसभा में गूंजी बदलापुर थाने की पुलिसिया करतूत

जौनपुर : लोकसभा में गूंजी बदलापुर थाने की पुलिसिया करतूत

# सांसद ने लोकसभा अध्यक्ष से पुलिस के खिलाफ किया कार्यवाही की मांग

बदलापुर।
दीपक श्रीवास्तव
तहलका 24×7
                  कोतवाली क्षेत्र के देवरिया गांव में पुलिस द्वारा दलित महिलाओं की पिटाई के आरोप का मामला अब खासा तूल पकड़ता जा रहा है। जौनपुर के सांसद श्याम सिंह यादव ने लोकसभा अध्यक्ष को जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश में छुट्टा पशुओं की तरह अब छुट्टा पुलिस भी बेलगाम हो गई है।
बदलापुर की छुट्टा पुलिस ने देवरिया गांव की महिलाओं को निर्वस्त्र कर बेरहमी से पिटाई किया है। उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष से दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्यवाही की मांग का मुद्दा उठाया है।

गौरतलब है कि 20 मार्च को देवरिया गांव की दलित बस्ती में विवादित भूमि पर लगे केले के पेड़ को लेकर विवाद चल रहा था। इसी बीच एक पक्ष ने घटना की सूचना डायल 112 पर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को पहले समझाने बुझाने का प्रयास किया। बाद में पीआरबी के जवानों ने दोनों पक्षों को थाने ले आने का प्रयास कर रही थी। इसी बीच एक पक्ष के लोगों ने धावा बोलकर पीआरबी के एक जवान राजेश यादव को मारपीट कर घायल कर दिया।
इस दौरान वाहन चालक राज बिहारी भी घायल हो गया। पुलिस ने घायल दीवान राजेश यादव की तहरीर पर 12 लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर मौके से 6 महिलाओं सहित 8 लोगों को गिरफ्तार कर लिया था। विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर चालान न्यायालय भेज दिया। 24 मार्च को जमानत पर रिहा होने के बाद सोशल मीडिया पर पुलिस की दलित महिलाओं की पिटाई का एक वीडियो वायरल होते ही राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया। घटनास्थल पर देवरिया गांव में पहले तो भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं तथा समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों ने कार्यवाही का मुद्दा उठाया। अब बसपा सांसद श्याम सिंह यादव ने लोकसभा में यह मुद्दा गरमाया है।

इस संदर्भ में सीओ अशोक कुमार सिंह ने बताया कि जिस वायरल वीडियो को पुलिस के खिलाफ मुद्दा बनाया जा रहा है वह वायरल वीडियो मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले का है। जिसे संजय नाम के व्यक्ति ने ट्विटर अकाउंट पर अपलोड कर पुलिस की छवि धूमिल करने का काम कर रहा है। जिसके खिलाफ थाना बदलापुर में आईटी एक्ट के तहत केस भी दर्ज किया गया है। वायरल वीडियो का देवरिया गांव की घटना से कोई वास्ता सरोकार नहीं है।
Previous articleजौनपुर : अघोषित बिजली कटौती से हलकान हो रहे हैं परीक्षार्थी
Next articleजौनपुर : खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री के प्रथम आगमन पर हुआ भव्य स्वागत
Tahalka24x7
तहलका24x7 की मुहिम... "सांसे हो रही है कम, आओ मिलकर पेड़ लगाएं हम" से जुड़े और पर्यावरण संतुलन के लिए एक पौधा अवश्य लगाएं..... ?