जौनपुर : सर्राफा व्यवसायी के बाइक की डिक्की से उचक्कों ने उड़ाए आभूषण व नकदी
# सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई वारदात, पुलिस छानबीन में जुटी
जौनपुर। दीपक श्रीवास्तव तहलका 24×7 शहर कोतवाली क्षेत्र के हनुमान घाट सराफा मंडी में बृहस्पतिवार की रात दो उचक्कों ने सर्राफा व्यापारी की बाइक की डिग्गी खोलकर करीब आभूषण और 16 हजार रुपये नकद उड़ा लिया। तीस सेकेंड की पूरी घटना सीसीटीवी फुटेज में कैद है, पुलिस छानबीन कर रही है।
बताया जा रहा है कि डिग्गी में छह लाख रुपये के आभूषण थे। ताड़तला मोहल्ला निवासी सुभाषचंद्र सेठ और उनके पुत्र प्रदीप सेठ की पालीटेक्निक चौराहा पर रवि ज्वेलर्स के नाम से सर्राफा की दुकान है। रात करीब आठ बजे प्रदीप सेठ बाइक से हनुमान घाट में आभूषणों की सफाई करने वाले रहमान की दुकान पर किसी कार्य से गए थे। दुकान के सामने बाइक खड़ी कर ज्योंही दुकान पर गए उसी समय उचक्के ने डिक्की खोलकर आभूषण और नकदी रखा बैग निकाल लिया। मौके पर जुटे लोगों के मुताबिक पीड़ित ने बताया कि बैग में करीब 125 ग्राम सोना व एक किलोग्राम चांदी के आभूषण और 16 हजार रुपये थे। दुकान पर सगे सीसीटीवी कैमरे में 30 सेकेंड की पूरी घटना कैद हो गई। प्रदीप सेठ ने कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस फुटेज लेकर उचक्कों को चिह्नित करने का प्रयास कर रही है। प्रभारी निरीक्षक रमेश यादव ने बताया कि घटना के बाद पीड़ित 15 हजार रुपये की बात कर रहा था, लेकिन शाम को 91 हजार रुपये के जेवर की तहरीर दी है। इसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।