ट्रेलर-ट्रैक्टर भिड़ंत, चालक की मौत, दो घायल
# मृतक की पत्नी और दो वर्षीय बेटी बेसुध, अंबेडकर नगर के थे तीनों युवक
खेतासराय, जौनपुर।
डॉ. सुरेश कुमार
तहलका 24×7
स्थानीय थाना क्षेत्र के गुरैनी बाजार स्थित पेट्रोल पंप के समीप बुधवार देर रात तेज रफ्तार ट्रेलर और ट्रैक्टर की भीषण टक्कर में ट्रैक्टर चालक की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस कार्रवाई में जुटी रही।

जानकारी के अनुसार महेंद्र (28) पुत्र नोहरलाल निवासी अमीनपुरवा, इब्राहिमपुर थाना जलालपुर जिला अंबेडकर नगर के साथ चिरजो पुत्र मगरु निवासी दराफपुर व राजकुमार पुत्र रामदुलार निवासी भरौली थाना जलालपुर जनपद अंबेडकर नगर रात करीब 09:30 बजे जौनपुर पुलिस लाइन से ईंट उतारकर वापिस अम्बेडकर के लिए लौट रहे थे, उक्त पेट्रोल पम्प के समीप पहुंचे ही थे कि जौनपुर की तरफ से आ रही तेज रफ्तार ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी।

जिसमें चालक महेंद्र व ट्रैक्टर पर सवार दो अन्य घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। जहां चिकित्सक ने ट्रैक्टर चालक महेंद्र को मृत घोषित कर दिया, वहीं अन्य घायलों का उपचार चल रहा है। घटना के बाद ट्रेलर चालक मौका देख वाहन छोड़कर फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भीषण था कि ट्रैक्टर के परखच्चे उड़ गए और वह दो टुकड़ों में बंट गया। मलबा सड़क पर फैलने से हाईवे पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल भेजवाकर यातायात बहाल करवाया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की दो साल की बेटी और पत्नी का रो-रोकर बुरा हुआ है। थाना प्रभारी रामाश्रय राय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
















