ट्रैक्टर की चपेट में आने से वृद्ध किसान की मौत, चालक फरार

ट्रैक्टर की चपेट में आने से वृद्ध किसान की मौत,चालक फरार

सुइथाकला, जौनपुर। 
राजेश चौबे 
तहलका 24×7
               सरपतहा थाना क्षेत्र के कटघर गांव में सोमवार रात मिट्टी ढुलाई कर रहे ट्रैक्टर की चपेट में आने से साइकिल सवार एक वृद्ध किसान की दर्दनाक मौत हो गई।हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया।घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मौके पर मौजूद दूसरे ट्रैक्टर के चालक की पिटाई कर दी।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
जानकारी के अनुसार,एकडला गांव निवासी सीताराम बिंद (65) सोमवार रात करीब 8:30 बजे रामनगर बाजार से साइकिल से अपने घर लौट रहे थे।कटघर गांव के पास मिट्टी ढुलाई कर रहे एक ट्रैक्टर की चपेट में आने से वह साइकिल सहित गिर पड़े और ट्रैक्टर का पहिया उनके ऊपर चढ़ गया।इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।मृतक अपने पीछे पत्नी मूरता देवी,दो पुत्र राम आशीष और अनिल व तीन विवाहित बेटियों को छोड़ गए हैं।
बड़ा बेटा गांव के एक विद्यालय में शिक्षामित्र है,जबकि छोटा बेटा मजदूरी करता है।हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मिट्टी ढुलाई कर रहे दूसरे ट्रैक्टर के चालक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी।सूचना पर थानाध्यक्ष यजुर्वेद सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया।थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक के बेटे की तहरीर पर सुइथाकला गांव निवासी चालक साजिद के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।फरार चालक की तलाश की जा रही है।

# विद्यालय में शोक सभा आयोजित

मृतक के शिक्षामित्र पुत्र राम आशीष के विद्यालय में घटना की सूचना मिलते ही शोक सभा आयोजित की गई।प्रभारी प्रधानाध्यापक हरिश्चंद्र ने गहरा शोक व्यक्त किया,जबकि प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक मंत्री उमेश चंद्र यादव ने इसे परिवार के लिए अपूरणीय क्षति बताया।सभी शिक्षकों,कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
Previous articleचार वर्षीय मासूम की हत्या का आरोपित छह घंटे में गिरफ्तार, जुर्म कबूला
Tahalka24x7
तहलका24x7 की मुहिम... "सांसे हो रही है कम, आओ मिलकर पेड़ लगाएं हम" से जुड़े और पर्यावरण संतुलन के लिए एक पौधा अवश्य लगाएं..... ?