डाकघर पर डाक वितरण में लापरवाही का आरोप,लोक शिकायत निदेशालय में शिकायत
शाहगंज,जौनपुर।
एखलाक खान
तहलका 24×7
श्रीरामलीला समिति के अध्यक्ष घनश्याम जायसवाल ने डाकघर के कर्मचारियों पर पंजीकृत डाक के वितरण में लापरवाही बरतने तथा बिना वितरण किए ‘मिससेंट’ (गलत पता) की फर्जी रिपोर्ट लगाकर डाक वापस करने का आरोप लगाया है।इस संबंध में उन्होंने लोक शिकायत निदेशालय,नई दिल्ली को शिकायत भेजकर कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत के अनुसार,समिति की ओर से भेजी गई एक पंजीकृत डाक निर्धारित पते पर नहीं पहुंची।जानकारी करने पर डाकघर में बताया गया कि उस पर’मिससेंट’ की रिपोर्ट लगाकर वापस कर दिया गया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि संबंधित पता शहर के प्रमुख एवं ऐतिहासिक स्थलों में शामिल रामलीला भवन, रामलीला चौक का है,जिसे आसानी से खोजा जा सकता है।ऐसे में गलत पता बताकर डाक लौटाना कर्मचारियों की लापरवाही को दर्शाता है।

घनश्याम जायसवाल का यह भी आरोप है कि मामले की जानकारी लेने के लिए डाकघर पहुंचने पर वहां मौजूद पोस्टमास्टर ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और अनुचित भाषा का प्रयोग किया।शिकायत में संबंधित कर्मचारियों एवं पोस्टमास्टर के विरुद्ध जांच कर कड़ी विभागीय कार्रवाई किए जाने तथा की गई कार्रवाई से उन्हें अवगत कराने की मांग की गई है।


















