दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप में डकैती, 5 मिनट में 20 लाख के गहने लूटे
पटना।
तहलका 24×7
राजधानी के रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र में सोमवार को दिनदहाड़े एक ज्वेलरी की दुकान में हथियारबंद बदमाशों ने बड़ी डकैती की वारदात को अंजाम दिया।धनजी कॉलोनी स्थित‘श्री लक्ष्मी अलंकार ज्वेलर्स’में घुसे पांच अज्ञात अपराधियों ने पिस्टल के बल पर करीब 15 से 20 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए।बताया जा रहा है कि घटना के दौरान दुकान मालिक धनंजय कुमार ने विरोध किया,जिस पर बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया।

हमले में वह गंभीर रुप से घायल हो गए।घटना के समय दुकान में तीन ग्राहक भी मौजूद थे,अपराधियों ने गन प्वाइंट पर लेकर सभी को एक कोने में बंधक बना लिया।पीड़ित के अनुसार,दो बाइक पर सवार होकर पांचों बदमाश हेलमेट पहनकर पहुंचे थे।दुकान में घुसते ही उन्होंने पूरे घटनाक्रम को बेहद सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया।बदमाशों ने तिजोरी और काउंटर से करीब 100 ग्राम सोने के आभूषण और 3 से 4 किलोग्राम चांदी के गहने समेट लिए और महज पांच मिनट में फरार हो गए।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच शुरु की। नगर पुलिस अधीक्षक “पूर्वी” परिचय कुमार के नेतृत्व में टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।घायल दुकानदार को अस्पताल में भर्ती कराया गया है,जहां उनका इलाज जारी है।पुलिस के मुताबिक,प्रारंभिक जांच में पांच अपराधियों के शामिल होने की पुष्टि हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम का गठन कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।

















