दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन: संसद मार्च के दौरान तनाव,पुलिस और प्रदर्शनकारियों में झड़प
नई दिल्ली।
तहलका 24×7
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर सोमवार को चल रहे प्रदर्शन ने उस समय उग्र रुप ले लिया जब प्रदर्शनकारियों ने”चलो संसद”मार्च निकालने का प्रयास किया।भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती, बैरिकेडिंग और निषेधाज्ञा के बावजूद हजारों प्रदर्शनकारी संसद की ओर बढ़े,जिसके बाद कई स्थानों पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई।

प्रदर्शन का नेतृत्व युवा संगठन काकरोच जनता पार्टी कर रहा है।आंदोलन की मुख्य मांग केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे,परीक्षा प्रणाली में सुधार तथा हाल के परीक्षा पेपर लीक मामलों की जवाबदेही तय करने की है।प्रदर्शनकारियों का कहना है कि लगातार पेपर लीक और परीक्षा अनियमितताओं से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है।प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर और संसद मार्ग के आसपास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की।

कई जगह बैरिकेड लगाए गए और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोका।कुछ स्थानों पर धक्का-मुक्की,लाठीचार्ज और आंसू गैस के इस्तेमाल की भी खबरें सामने आई हैं, हालांकि दिल्ली पुलिस ने अत्यधिक बल प्रयोग के आरोपों से इनकार किया है।विपक्ष के कुछ नेताओं ने भी जंतर-मंतर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों का समर्थन किया।आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के प्रदर्शन स्थल पर पहुंचने से राजनीतिक माहौल भी गर्म हो गया।

प्रदर्शन के मद्देनज़र दिल्ली मेट्रो के कुछ स्टेशनों को एहतियातन अस्थायी रुप से बंद किया गया और संसद क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई।सरकार की ओर से केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने आंदोलन के प्रतिनिधियों से मुलाकात की और उनकी मांगों को सरकार के समक्ष रखने का आश्वासन दिया है।हालांकि प्रदर्शनकारी अपनी प्रमुख मांगों पर ठोस कार्रवाई होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कह रहे हैं।


















