राजू श्रीवास्तव के निधन से उनके समर्थकों एवं हास्य जगत के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित अनेक राजनेताओं ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। 10 अगस्त 2022 को राजू श्रीवास्तव होटल के जिम में वर्कआउट कर रहे थे। ट्रेडमिल पर एक्सरसाइज करते हुए उन्हें चेस्ट में पेन हुआ और वे नीचे गिर गए, इसके बाद उन्हे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके हार्ट की एंजियोप्लास्टी भी की गई थी। हालांकि, डॉक्टरों ने उन्हें वेंटिलेटर से हटाने की कोई लापरवाही नहीं बरती थी और उनके स्वास्थ्य की निगरानी के लिए एम्स के चिकित्सकों का एक उच्च स्तरीय पैनल भी लगा था, लेकिन अंततः 41 दिनों तक कोशिश के बाद उन्हे बचाया नहीं जा सका।

बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजू श्रीवास्तव को स्वच्छ भारत अभियान का हिस्सा बनने के लिए नामित किया था। उन्हे विभिन्न शहरों में कई स्वच्छता कार्यक्रमों को बढ़ावा देते हुए भी देखा गया था। अभियान के दौरान, उन्होंने विभिन्न संगीत वीडियो बनाए और स्वच्छ भारत अभियान के लिए एक सामाजिक संदेश के साथ टीवी विज्ञापनों की शूटिंग की थी। राजू श्रीवास्तव का जन्म उत्तर प्रदेश के कानपुर में 25 दिसंबर 1963 को हुआ था। राजू को बचपन से ही मिमिक्री का शौक था। जिसे उन्होंने अपना करियर बना लिया। राजू अपनी शानदार मिमिक्री के लिए जाने जाते थे। उनको असली सफलता ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज से मिली। इस शो में अपने कमाल के प्रदर्शन की बदौलत वह घर-घर में सबकी जुबान पर आ गए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजू श्रीवास्तव के निधन पर दु:ख व्यक्त करते हुए कहा है कि “राजू श्रीवास्तव ने हंसी, हास्य और सकारात्मकता के साथ जीवन को रोशन किया। वे हमको बहुत जल्दी छोड़कर चले गए लेकिन वे वर्षों तक अपने समृद्ध काम की बदौलत अनगिनत लोगों के दिलों में जीवत रहेंगे। उनका निधन दुखद है। उनके परिवार और प्रशसंकों के प्रति संवेदनाएं हैं।”