पंचायत के बाद माने प्रेमी जोड़े के परिजन,थाने के हनुमान मंदिर में रचाई शादी
सुइथाकला, जौनपुर।
राजेश चौबे
तहलका 24×7
बुधवार को प्रेमी-प्रेमिका ने सरपतहां थाने परिसर स्थित हनुमानजी मंदिर में परिजनों की मौजूदगी में शादी रचा ली।शादी के समय दोनों पक्षों से दर्जनों लोग मौजूद रहे।जानकारी के अनुसार,सरपतहां थाना क्षेत्र के जंगीपुर गांव निवासी विकास बिंद का सुल्तानपुर जिले के दोस्तपुर थाना क्षेत्र के चिरानीपट्टी कटघरा निवासी स्वजातीय रजनी बिंद से 2 साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था।

बताया जाता है कि दोनों की मुलाकात तब हुई थी जब रजनी विकास के गांव जंगीपुर में अपने ननिहाल आई थी।बाद में सुल्तानपुर जिले के बारी सहजन स्थित एक कॉलेज में रजनी ने एडमिशन लिया तो विकास ने भी वहीं एडमिशन करा लिया।कॉलेज में दोनों का प्रेम परवान चढ़ता गया।जब इस बात की भनक दोनों के परिजनों को लगी तो उन्होंने प्रेमी युगल पर अलग होने का दबाव बनाया।लेकिन विवाह करने की जिद पर अड़े दोनों ने परिजनों की बात नहीं मानी।

मामला सरपतहां थाने पहुंचा तो कई बार पंचायत हुई। लेकिन “साथ जीने-मरने” की कसमें खा चुके प्रेमी युगल टस से मस नहीं हुए।अंततः दोनों परिवारों को उनके आगे झुकना पड़ा।इसके बाद बुधवार को दोनों ने थाने परिसर स्थित हनुमानजी मंदिर में एक-दूसरे के गले में वरमाला डालकर विवाह कर लिया।

















