अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत,साथी घायल,हालत गंभीर
पिंडरा,वाराणसी।
नितेश गुप्ता
तहलका 24×7
फूलपुर थाना क्षेत्र के रामपुर ओवरब्रिज के पास मंगलवार की देर रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई,जबकि उसका साथी गंभीर रुप से घायल हो गया।जिसका उपचार बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है।

जानकारी के अनुसार,जौनपुर जनपद के जलालपुर थाना क्षेत्र के भवनाथपुर त्रिलोचन निवासी विपिन राजभर (30) अपने मित्र रामलोचन राजभर निवासी छितौना,थाना जलालपुर के साथ बाइक से अपने ससुराल खेवली पृथ्वीपुर (थाना जंसा) से वापस घर लौट रहा था।देर रात जब वह ओवरब्रिज के पास पहुंचा, तभी किसी अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रुप से घायल हो गए।सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को पीएचसी पिंडरा पहुंचाया,जहां उपचार के दौरान विपिन राजभर की मौत हो गई।वहीं रामलोचन की हालत गंभीर होने पर उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।

मृतक विपिन राजभर सेंटरिंग का कार्य करता था। उसके परिवार में पत्नी मीरा और दो पुत्र हैं।हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।पत्नी मीरा का रो-रोकर बुरा हाल है।थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।वाहन और उसके चालक की तलाश जारी है।

















