पत्नी और पिता की हत्या के बाद युवक ने खुद को मारी गोली
रोहतास।
तहलका 24×7
जिले के भानस थाना क्षेत्र के डिहरा गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। एक ही परिवार के तीन लोगों की लाशें घर में मिलने से गांव में कोहराम मच गया। मृतकों में पति-पत्नी और ससुर शामिल हैं।परिजन के अनुसार अमित सिंह (35) लंबे समय से पारिवारिक कलह से परेशान चल रहा था।ग्रामीणों और परिजनों का कहना है कि वह मानसिक रुप से भी विक्षिप्त हो चुका था।

रात करीब एक बजे पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ और मामला हाथापाई तक पहुंच गया।गुस्से में आगबबूला अमित ने पिस्तौल निकाली और सबसे पहले पत्नी नीतू देवी (32) को गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे पिता शालिग्राम सिंह (60) को भी नजदीक से गोली मारकर ढेर कर दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक के साले मनोज सिंह ने आगे बताया कि घर में मौजूद परिजन अमित के आक्रामक तेवर देखकर जान बचाने के लिए कमरों में छुप गए।किसी ने भी आगे आने की हिम्मत नहीं की। इसके बाद अमित सिंह ने उसी पिस्तौल से खुद के सिर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। सुबह जब परिजनों ने दरवाजा खोला तो तीनों शव खून से लथपथ पड़े थे।

मामले में बिक्रमगंज एएसपी अंकित कुमार ने बताया कि भानस थाने को डिहरा गांव में एक ही परिवार के तीन लोगों के हत्या की सूचना प्राप्त हुई थी। पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।घटनास्थल से गोली, खोखा और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। प्रथम दृष्टया यह घरेलू विवाद से उपजा हत्या और आत्महत्या का मामला लग रहा है। परिवार द्वारा अमित सिंह के मानसिक तौर पर परेशान होने की बात बताई गई है, फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।
















