पांच वर्षीय मासूम से दुष्कर्म का आरोप,नामजद आरोपी फरार
सुइथाकला, जौनपुर।
राजेश चौबे
तहलका 24×7
सरपतहा थाना क्षेत्र के एक गांव में पांच वर्षीय बालक के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है।घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने नामजद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं।जानकारी के अनुसार,बीती रात गांव में आयोजित एक शादी समारोह से लौटते समय बालक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया।

कुछ देर बाद वह परिजनों के पास पहुंचा,जिसके बाद परिजनों ने उसके साथ अनहोनी होने की आशंका जताई।मामले की जानकारी मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया और पुलिस को सूचना दी गई।सूचना पर डायल 112 की पीआरबी टीम और सरपतहा पुलिस रात में ही मौके पर पहुंची।पुलिस ने परिजनों से पूछताछ कर घटनास्थल का निरीक्षण किया।पीड़ित बालक को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
परिजनों की तहरीर पर गांव निवासी मोहन उर्फ गुड्डू पुत्र संतराम के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।पुलिस के अनुसार आरोपी घटना के बाद से फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।घटना को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है।स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी की पहचान होने के बावजूद उसकी गिरफ्तारी न होना कई सवाल खड़े करता है।

ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की है।इस संबंध में प्रभारी थानाध्यक्ष कमल किशोर राय ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। वहीं,गांव में घटना को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है और लोग आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।


















