प्रधान समेत 13 पर मारपीट,लूट व जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज
कादीपुर, सुलतानपुर।
तहलका 24×7
क्षेत्र के सरैया कमोरा गांव में महिला के पति पर जानलेवा हमला,मारपीट और लूटपाट के मामले में न्यायालय ने थाना कादीपुर पुलिस को मुकदमा दर्ज कर विवेचना करने का आदेश दिया है।मामले में ग्राम प्रधान सहित 13 लोगों को नामजद किया गया है।गांव निवासी रीना देवी पत्नी पंकज वर्मा ने न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि चार अप्रैल की शाम उनके पति खेत से घर लौट रहे थे।

इसी दौरान गांव के विजय कुमार उपाध्याय,अभिषेक प्रसाद,विनय कुमार,विपिन,सचिन,अंकित,प्रिंस कुमार, अभिषेक दीक्षित समेत अन्य लोगों ने रास्ते में घेरकर लाठी-डंडों व धारदार हथियार से हमला कर दिया।जान बचाकर घर भागने पर आरोपित घर में घुस आए और पति की पिटाई करने लगे।महिला ने आरोप लगाया कि बीच-बचाव करने पहुंचने पर उसके साथ भी मारपीट की गई,कपड़े फाड़ दिए गए तथा कान की बाली,नाक की कील,मंगलसूत्र और नकदी छीन ली गई।

विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। घटना में कई लोगों के घायल होने की बात कही गई है। प्रार्थना पत्र में यह भी कहा गया कि स्थानीय थाने पर शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई,जिसके बाद पुलिस अधीक्षक को रजिस्टर्ड डाक से प्रार्थना पत्र भेजा गया।कार्रवाई न होने पर पीड़िता ने न्यायालय की शरण ली।न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।
















