प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या,पत्नी को फोन कर बोले बदमाश- लाश ले जाओ
मेरठ।
तहलका 24×7
बुलंदशहर-मेरठ हाईवे की सर्विस रोड पर कैली अंडरपास के समीप प्रॉपर्टी डीलर तुषार त्यागी (23) की गोली मारकर हत्या कर दी गई।वारदात के बाद आरोपितों ने मृतक की पत्नी को फोन कर हत्या की जानकारी दी।पुलिस ने मामले में तीन नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
जानकारी के अनुसार,तुषार शाम को घर से खाना लेकर अपनी स्कॉर्पियो से निकले थे।

परिजनों का आरोप है कि रास्ते में कुछ लोगों ने उनका अपहरण कर लिया और जंगल की ओर ले जाकर गोली मार दी।तुषार को तीन गोलियां लगने की बात सामने आई है,जिनमें एक माथे और दूसरी गले में लगी। परिजनों के मुताबिक रात करीब नौ बजे तुषार ने अपनी पत्नी शिखा को फोन कर बताया कि कुछ लोग उन्हें जबरन जंगल की ओर ले जा रहे हैं और उनकी जान को खतरा है।इसके कुछ देर बाद उनका मोबाइल बंद हो गया।परिजन उनकी तलाश में निकल पड़े,लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

रात करीब 10 बजे एक फोन कॉल पर आरोपित ने शिखा से कहा कि तुषार की हत्या कर दी गई है और उनका शव कार में पड़ा है।सूचना मिलते ही पुलिस और परिजन बताए गए स्थान पर पहुंचे,जहां स्कॉर्पियो की ड्राइवर सीट पर तुषार का शव खून से लथपथ मिला। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया,जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।मृतक की पत्नी शिखा त्यागी ने पुलिस को दी तहरीर में गांव के कुछ लोगों के साथ पुराने विवाद का जिक्र करते हुए हत्या की आशंका जताई है।

उनका आरोप है कि कुछ दिन पूर्व हुए विवाद के दौरान जान से मारने की धमकी भी दी गई थी।सूचना पर पहुंचे एसपी देहात अभिजीत सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर तीन नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।मुख्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। जल्द ही पूरे मामले का पर्दाफाश किया जाएगा।

















