बकरे के मांस में जहर मिलाकर पति को मारने की कोशिश का आरोप,महिला ने पुलिस व मुख्यमंत्री पोर्टल पर लगाई गुहार
शाहगंज,जौनपुर।
एखलाक खान
तहलका 24×7
पैसे के लेन-देन की रंजिश में पति को कथित तौर पर जहर देकर जान से मारने की कोशिश किए जाने का मामला सामने आया है।पीड़िता ने कोतवाली पुलिस,पुलिस अधीक्षक जौनपुर तथा मुख्यमंत्री शिकायत पोर्टल पर शिकायत भेजकर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई और अपने पति की जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है।

शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला भादी खास मोहल्ला निवासी नीलम चौरसिया पत्नी रामनयन चौरसिया ने अपनी शिकायत में बताया कि कुछ लोगों से पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद था।रुपया लौटाना न पड़े इसके लिए लोगों ने 26 जुलाई को दावत की और पति के साथ धोखा कर दिया।शिकायत के अनुसार पैसे के लेन-देन को लेकर रंजिश के चलते राजेश यादव निवासी गोरारी बाजार,अंकित कश्यप निवासी शाहपंजा तथा रविन्द्र मौर्या निवासी पुरानी बाजार समेत अन्य लोगों पर उसके पति को जान से मारने की नीयत से योजनाबद्ध तरीके से बकरे का मांस खिलाने का आरोप लगाया है।

पीड़िता का आरोप है कि उसके पति रामनयन चौरसिया को मांस खाने के लिए दावत दी गई थी।मांस खाने के बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी।उन्हें उल्टी और बेचैनी की शिकायत होने पर पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया।हालत में सुधार नहीं होने पर लखनऊ स्थित डॉ.राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भी भर्ती कराया गया,जहां उनका उपचार चला।नीलम चौरसिया ने शिकायत में कहा है कि पति की हालत अभी भी पूरी तरह सामान्य नहीं है और उनका उपचार चल रहा है।

उन्होंने आशंका जताई है कि घटना में जहरीला पदार्थ खिलाया गया हो सकता है।शिकायत के साथ अस्पतालों की जांच रिपोर्ट का भी उल्लेख किया गया है और कुछ रिपोर्ट आने की बात कही गई है।पीड़िता ने स्थानीय कोतवाली,पुलिस अधीक्षक जौनपुर तथा मुख्यमंत्री शिकायत पोर्टल पर शिकायत भेजकर मामले की जांच कराते हुए अस्पताल की रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा दर्ज करने,आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा अपने और अपने पति की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।


















