बहन की गला दबाकर हत्या, नाबालिग भाई ने पुलिस चौकी पहुंचकर किया सरेंडर
# चरित्र पर शक को लेकर वारदात की आशंका,फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
मेरठ।
तहलका 24×7
लोहियानगर थाना क्षेत्र के रसूलनगर में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। 16 वर्षीय नाबालिग ने कथित तौर पर अपनी 17 वर्षीय सगी बहन की गला दबाकर हत्या कर दी।वारदात के बाद आरोपी स्वयं फतेहउल्लापुर पुलिस चौकी पहुंचा और पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरु कर दी।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार दोपहर आरोपी किशोर चौकी पहुंचा और बताया कि उसने अपनी बहन की हत्या कर दी है तथा शव घर में पड़ा है।सूचना पर पुलिस टीम तत्काल रसूलनगर स्थित मकान पहुंची,जहां कमरे में किशोरी का शव मिला।थाना प्रभारी सुमित तोमर ने बताया कि आरोपी किशोर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।प्रारंभिक पूछताछ में बताया कि उसे अपनी बहन के चरित्र पर संदेह था।

पुलिस के मुताबिक,किशोरी दो दिन पहले घर से चली गई थी और मंगलवार सुबह लौटने पर दोनों के बीच विवाद हुआ।इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम और फील्ड यूनिट ने पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

















