बिहार के जहानाबाद में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान फायरिंग,कई घायल
जहानाबाद।
तहलका 24×7
बिहार में कथित NEET 2026 पेपर लीक के विरोध में छात्रों का आंदोलन कई जिलों में उग्र हो गया।जहानाबाद में प्रदर्शन के दौरान छात्रों और पुलिस के बीच तीखी झड़प हुई।हालात बेकाबू होने पर पुलिस ने पहले लाठीचार्ज किया और बाद में भीड़ को तितर-बितर करने के लिए हवाई फायरिंग की।प्राप्त जानकारी के अनुसार,प्रदर्शनकारी सड़क जाम कर नारेबाजी कर रहे थे।

इस दौरान कुछ स्थानों पर पथराव और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की घटनाएं भी सामने आईं।पुलिस का कहना है कि हालात नियंत्रण से बाहर होने पर बल प्रयोग करना पड़ा।झड़प में कई छात्र घायल हुए,जबकि कम से कम 14 पुलिसकर्मियों के भी घायल होने की सूचना है।राज्य के अन्य जिलों पटना,दरभंगा,बेगूसराय और कटिहार में भी छात्रों का विरोध प्रदर्शन देखने को मिला।

प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और कथित पेपर लीक की निष्पक्ष जांच है।घटना के बाद बिहार सरकार ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।उपमुख्यमंत्री ने कहा है कि हिंसा और तोड़फोड़ में शामिल लोगों की पहचान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।


















