बीएसए कार्यालय का बाबू रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार,एंटी करप्शन टीम की कार्रवाई से मचा हड़कंप
आजमगढ़।
फैजान अंसारी
तहलका 24×7
एंटी करप्शन टीम ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में तैनात एक बाबू को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया और कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।जानकारी के अनुसार एक शिक्षक ने एंटी करप्शन टीम से शिकायत की थी कि बीएसए कार्यालय में तैनात बाबू उसके आवश्यक कार्य को निपटाने के एवज में रिश्वत की मांग कर रहा है।

शिकायतकर्ता का आरोप था कि कई बार कार्यालय के चक्कर लगाने के बावजूद उसका कार्य नहीं किया गया और लगातार धनराशि देने का दबाव बनाया जा रहा था।शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन टीम ने मामले की प्रारंभिक जांच की।आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया।रणनीति के तहत शिकायतकर्ता को आरोपी कर्मचारी के संपर्क में रखा गया।जैसे ही बाबू ने रिश्वत की रकम स्वीकार की, पहले से मौके पर मौजूद एंटी करप्शन टीम ने उसे रंगेहाथ दबोच लिया।

कार्रवाई के दौरान टीम ने आवश्यक साक्ष्य भी जुटाए और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरु कर दी। गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही बीएसए कार्यालय में कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच हड़कंप मच गया। एंटी करप्शन अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कहीं आरोपी अन्य लोगों से भी इसी प्रकार अवैध वसूली तो नहीं करता था।अधिकारियों का कहना है कि सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार की शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा दोषी पाए जाने वाले कर्मचारियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।


















