बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला के इस्तीफे की अटकलें तेज, सोशल मीडिया बायो बदलने से बढ़ी चर्चा
नई दिल्ली।
तहलका 24×7
शहजाद पूनावाला के सोशल मीडिया प्रोफाइल में बदलाव के बाद उनके भारतीय जनता पार्टी से इस्तीफा देने की अटकलें तेज हो गई हैं।राजनीतिक गलियारों में इस बदलाव को लेकर चर्चाओं का दौर शुरु हो गया है।दरअसल,गुरुवार को शहजाद पूनावाला ने अपने एक्स प्रोफाइल का बायो अपडेट किया।पहले जहां उनके बायो में बीजेपी का उल्लेख था,वहीं अब उन्होंने पार्टी का नाम हटाकर केवल”भारतीय”लिखा है।

हालांकि, उन्होंने अपने प्रोफाइल में “Life Long Follower of Narendra Modi” (नरेंद्र मोदी का आजीवन समर्थक) लिखा हुआ है।इसी बदलाव के बाद उनके पार्टी छोड़ने की अटकलें लगाई जाने लगीं। शहजाद पूनावाला ने वर्ष 2021 में बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की थी।नवंबर 2021 में उन्हें पार्टी का राष्ट्रीय प्रवक्ता बनाया गया।इससे पहले वह कांग्रेस से जुड़े थे। दिसंबर 2017 में उन्होंने कांग्रेस छोड़ दी थी और तत्कालीन कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के दौरान राहुल गांधी के खिलाफ खुलकर आवाज उठाते हुए पार्टी में परिवारवाद का विरोध किया था।

हालांकि,अब तक न तो शहजाद पूनावाला और न ही बीजेपी की ओर से उनके इस्तीफे की कोई आधिकारिक पुष्टि की गई है।ऐसे में फिलहाल इसे केवल सोशल मीडिया प्रोफाइल में बदलाव के आधार पर उठी अटकलें ही माना जा रहा है।


















