डीएम-एसपी ने जिला कारागार का किया औचक निरीक्षण,बैरकों की सघन तलाशी
जौनपुर।
गुलाम साबिर
तहलका 24×7
जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन.और पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने शुक्रवार को जिला कारागार का औचक निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर विभिन्न थानों की फोर्स भी तैनात रही।डीएम और एसपी ने जेल परिसर की विभिन्न बैरकों का गहन निरीक्षण कर सघन तलाशी अभियान चलाया।

इस दौरान जेल अधीक्षक,अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव,क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बंदियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा व्यवस्था तथा जेल में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया।जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि जिला कारागार में सभी व्यवस्थाएं सामान्य एवं संतोषजनक पाई गई हैं।

जिलाधिकारी ने जेल अधीक्षक को निर्देश दिए कि बंदियों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए नियमित योगाभ्यास,व्यायाम एवं अन्य सकारात्मक गतिविधियों का आयोजन कराया जाए,ताकि उनमें सकारात्मक सोच और अनुशासन का विकास हो सके।निरीक्षण के दौरान जेल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही और तलाशी अभियान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।


















