भाजपा नेता ने कार्यालय में की आत्महत्या, बरामद सुसाइड नोट में कर्ज का बोझ बताया
नई दिल्ली।
तहलका 24×7
उत्तर पूर्वी जिले के भाजपा उपाध्यक्ष व पूर्व जोन चेयरमैन ठाकुर अवधेश सिंह ने यमुना विहार स्थित पार्टी के जिला कार्यालय में आत्महत्या कर ली। घटना के वक़्त कार्यलय में कोई मौजूद नहीं था। सूचना मिलते ही भजनपूरा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि शव के पास से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें कर्ज न उतार पाने की वजह से आत्महत्या करने की बात लिखी है।

अवधेश कुमार परिवार के साथ तुकमीरपुर में रहते थे। उनके परिवार में पत्नी सुधा, बेटा संजय व बेटी है। परिजनों ने बताया कि अवधेश कुमार सुबह करीब सात बजे बिना कुछ बताए घर से चले गए थे। आशंका है कि वह सीधे जिला कार्यालय पहुंचे और आत्महत्या कर ली। मामले का पता तब चला जब सुबह तकरीबन 11 बजे कुछ लोग ऑफिस पहुंचे।सूचना मिलते ही भजनपुरा पुलिस मौके पर पहुंचकर किसी तरह से गेट को खोला और अवधेश कुमार को अस्पताल ले गई। जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक अवधेश सिंह वर्ष 2007 से 2012 तक निगम पार्षद रहे। इस दौरान वह शाहदरा नॉर्थ जोन के अध्यक्ष भी निर्वाचित हुए थे। भाजपा नेताओं का कहना है कि वह काफी जिम्मेदारी से उपाध्यक्ष के तौर पर काम कर रहे थे। चुनाव में भी उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी। भाजपा की जीत पर वह काफी खुश थे। उनका व्यवहार काफी अच्छा था। वह लोगों से हमेशा मिलते जुलते थे। लोगों के कार्यों के लिए वह हमेशा तैयार रहते थे।


















