भाजपा पर अखिलेश यादव का हमला,‘पीडीए की एकता’पर दिया जोर
लखनऊ।
विजय आनंद वर्मा
तहलका 24×7
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जब-जब भाजपा किसी की रोज़ी-रोटी छीनने का काम करेगी,तब-तब उनकी पार्टी पीड़ितों के साथ खड़ी होगी।सपा मुखिया ने फतेहपुर के आर्यन को लखनऊ बुलाकर पीतल के बर्तन गिफ्ट किए।
अब आर्यन इन्हीं बर्तनों में चाय बनाकर अपनी दुकान चलाएगा।

अखिलेश यादव ने अपने बयान में कहा कि उनकी पार्टी अपनी सामर्थ्य से भी अधिक जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आएगी।उन्होंने भाजपा को‘वर्चस्ववादी’ बताते हुए आरोप लगाया कि सरकार आम लोगों के खिलाफ कठोर और अन्यायपूर्ण नीतियां अपना रही है। सपा प्रमुख ने‘पीडीए’(पिछड़ा, दलित,अल्पसंख्यक) की एकता पर जोर देते हुए कहा कि भाजपा की कथित ‘क्रूरता’का जवाब पीडीए की एकजुट ताकत से दिया जाएगा। उन्होंने नारा देते हुए कहा“5 बड़ा या 95?”,जिसका उद्देश्य सामाजिक समीकरणों के जरिए राजनीतिक संदेश देना बताया जा रहा है।

अखिलेश यादव ने आगे कहा कि अब पीडीए साथ-साथ आगे बढ़ेगा और यही वर्ग एक-दूसरे की ताकत बनेगा।उन्होंने अपने संदेश में “बुरे दिन जानेवाले हैं” हैशटैग का भी इस्तेमाल किया,जो उनके समर्थकों के बीच तेजी से चर्चा में है।राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आगामी चुनावों को देखते हुए यह बयान सपा की रणनीति का हिस्सा है,जिसमें सामाजिक गठजोड़ को मजबूत कर भाजपा को चुनौती देने की कोशिश की जा रही है।


















