दिल दहला देने वाली घटना: पिता ने जुड़वां बेटियों की गला काटकर हत्या की
कानपुर।
विजय आनंद वर्मा
तहलका 24×7
उत्तर प्रदेश के कानपुर में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक पिता ने अपनी ही 11 वर्षीय जुड़वां बेटियों रिद्धी और सिद्धी की गला काटकर हत्या कर दी।घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी शशिरंजन मिश्रा ने पश्चिम बंगाल की रहने वाली रेशमा छेत्री से प्रेम विवाह किया था।

रेशमा एक सैलून में काम करती थी। दंपति के तीन बच्चे थे,जिनमें 11 साल की जुड़वां बेटियां और एक 6 वर्षीय बेटा शामिल है।बताया जा रहा है कि आरोपी को अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था,जिसके चलते वह अक्सर शराब के नशे में उसके साथ मारपीट करता था।घटना की रात भी उसने शराब पी रखी थी।बेटियां अपने पिता के साथ ही सोई थीं।

सुबह जब परिवार के अन्य लोगों ने देखा तो दोनों बच्चियों के लहूलुहान शव पड़े मिले।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरु कर दी। मृतक बच्चियों की मां रेशमा छेत्री ने आरोपी पति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए उसे फांसी की सजा देने की मांग की है।पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।


















