भूमि विवाद में एसडीएम और उनके भाई की पिटाई, दंपती समेत सात के खिलाफ केस
सुल्तानपुर।
ज़ेया अनवर
तहलका 24×7
गोसाईंगंज क्षेत्र के देवरिया गांव में तीन दिन पूर्व भूमि विवाद में चचेरे भाई ने परिवार के साथ मिलकर गांव पहुंचे बहराइच जिले के मिही पुरवा तहसील के एसडीएम की पिटाई कर दी। पिटाई से एसडीएम को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने एसडीएम के भाई की तहरीर पर दंपती समेत पांच अज्ञात के खिलाफ घर में घुसकर जानलेवा हमला व अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। मंगलवार को घटना का वीडियो वायरल होने के बाद मामला सार्वजनिक हुआ।

देवरिया गांव निवासी हरिश्चंद त्रिपाठी का अपने चचेरे भाई राजीव कुमार त्रिपाठी से भूमि का विवाद चल रहा है। हरिश्चंद त्रिपाठी के बड़े भाई ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी बहराइच के मिही पुरवा तहसील के एसडीएम हैं। आठ जुलाई को एसडीएम ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी गांव आए थे। आरोप है कि विवादित भूखंड पर एसडीएम ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी अपने भाई हरिश्चंद्र त्रिपाठी के साथ मिलकर निर्माण कर रहे थे। नौ जुलाई को इसकी जानकारी प्रतापगढ़ में संस्कृत के प्रवक्ता राजीव कुमार त्रिपाठी को हुई तो वे भी गांव आ गए। नौ जुलाई की सुबह दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर राजीव कुमार त्रिपाठी समेत अन्य लोगों ने एसडीएम ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी की पिटाई कर दी। इस बीच कुछ लोगों ने घटना एक वीडियो भी बनाया, जिसमें एसडीएम को राजीव कुमार त्रिपाठी जकड़े हुए हैं।

















