मंदिर के सामने बकरे के अवशेष मिलने से हड़कंप,दो गिरफ्तार
# सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने किया खुलासा,माहौल बिगाड़ने की आशंका टली
भीलवाड़ा।
तहलका 24×7
शहर के शास्त्री नगर क्षेत्र स्थित हनुमान मंदिर के सामने बकरे के अवशेष मिलने से हड़कंप मच गया।घटना की सूचना फैलते ही कुछ हिंदू संगठन सड़क पर उतर आए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जाम लगा दिया।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरु की।आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर दो युवक संदिग्ध दिखाई दिए।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लोकेश खटीक और हेमंत कोली को हिरासत में लेकर पूछताछ की।जांच में सामने आया कि दोनों युवक बकरों की खाल उतारकर बेचने का काम करते हैं।पुलिस के अनुसार दोनों बोरे में खाल भरकर ले जा रहे थे,इसी दौरान अवशेष रास्ते में गिर गए या फेंके गए। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में किसी प्रकार की सांप्रदायिक साजिश के प्रमाण नहीं मिले हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी और घटना का खुलासा होने के बाद प्रदर्शन कर रहे लोग शांत हो गए तथा जाम समाप्त कर दिया गया।मामले के सफल खुलासे पर पुलिस अधीक्षक सागर राणा ने कोतवाली थाना टीम की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया।पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की।

















