ममता को संसदीय मोर्चे पर बड़ा झटका,20 सांसदों के बागी गुट ने एनडीए समर्थन का किया दावा
नई दिल्ली।
तहलका 24×7
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में पराजय के बाद तृणमूल कांग्रेस में जारी राजनीतिक संकट अब संसद तक पहुंच गया है।पार्टी की वरिष्ठ सांसद काकोली घोष दस्तीदार के नेतृत्व में 20 लोकसभा सांसदों के एक गुट ने लोकसभा अध्यक्ष को पत्र भेजकर अलग संसदीय समूह के रुप में मान्यता देने और एनडीए को समर्थन देने की इच्छा जताई है।

बागी गुट का दावा है कि उनके पास टीएमसी के 20 सांसदों का समर्थन है और इस संबंध में लोकसभा अध्यक्ष को पत्र भी भेजा जा चुका है।इस घटनाक्रम को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और पार्टी नेतृत्व के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।हालांकि टीएमसी नेतृत्व ने बागी सांसदों के दावों पर सवाल उठाए हैं।पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने कहा है कि 20 सांसदों के समर्थन का दावा सत्यापित नहीं है और कई सांसदों ने कथित सूची में अपना नाम होने से इनकार भी किया है।

इस बीच अभिनेत्री से सांसद बनीं सायोनी घोष का नाम भी चर्चाओं में है।सोशल मीडिया और कुछ राजनीतिक हलकों में उन्हें बागी खेमे से जोड़कर देखा जा रहा है, लेकिन उनके हस्ताक्षर या औपचारिक रुप से गुट में शामिल होने की स्वतंत्र पुष्टि अभी तक नहीं हुई है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यदि बागी गुट अपने दावे के अनुसार पर्याप्त संख्या जुटाने में सफल रहता है,तो पश्चिम बंगाल की राजनीति के साथ संसद में भी इसके दूरगामी प्रभाव पड़ सकते हैं।


















