यूपी-तेलंगाना पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में 12 करोड़ की चोरी का खुलासा, नेपाल भाग रहे तीन आरोपी गिरफ्तार

यूपी-तेलंगाना पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में 12 करोड़ की चोरी का खुलासा,नेपाल भाग रहे तीन आरोपी गिरफ्तार

रामपुर। 
तहलका 24×7 
             तेलंगाना और उत्तर प्रदेश पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में करीब 12 करोड़ रुपये की चोरी के मामले का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।आरोपियों में पति-पत्नी कमल और विमला के साथ विमला की बहन कल्पना शामिल है। तीनों नेपाल के निवासी बताए जा रहे हैं और चोरी के बाद नेपाल भागने की फिराक में थे।
जानकारी के अनुसार तेलंगाना के साइबराबाद कमिश्नरेट क्षेत्र के गाचीबाउली इलाके में स्थित एक संपन्न परिवार के यहां तीनों आरोपी घरेलू नौकर के रुप में कार्यरत थे। आरोप है कि उन्होंने परिवार का विश्वास जीतने के बाद घर की दिनचर्या और सुरक्षा व्यवस्था की पूरी जानकारी जुटा ली।मौका मिलते ही घर खाली होने पर तीनों ने वारदात को अंजाम दिया और लगभग सात किलो सोना, एक किलो चांदी तथा नकदी लेकर फरार हो गए।चोरी गए माल की कीमत करीब 12 करोड़ रुपये आंकी गई है।
घटना के बाद गाचीबाउली थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु की गई।जांच के दौरान तेलंगाना पुलिस ने रामपुर पुलिस से संपर्क किया,जिसके बाद दोनों राज्यों की पुलिस ने संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया।चेकिंग के दौरान रामपुर में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस ने उनके कब्जे से सात किलो सोना,एक किलो चांदी और करीब 25 हजार रुपये नकद बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने बताया कि दर्ज मुकदमे के आधार पर प्राप्त इनपुट पर कार्रवाई की जा रही थी। संयुक्त अभियान के दौरान यह सफलता मिली।गिरफ्तार आरोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए तेलंगाना पुलिस के हवाले किया जाएगा।पुलिस अब आरोपियों के संभावित साथियों और उनके आपराधिक इतिहास की जांच में जुटी है।मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी के लिए नेपाल पुलिस से भी संपर्क किए जाने की तैयारी की जा रही है।
Previous articleममता को संसदीय मोर्चे पर बड़ा झटका, 20 सांसदों के बागी गुट ने एनडीए समर्थन का किया दावा
Next articleअज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत, साथी घायल, हालत गंभीर 
Tahalka24x7
तहलका24x7 की मुहिम... "सांसे हो रही है कम, आओ मिलकर पेड़ लगाएं हम" से जुड़े और पर्यावरण संतुलन के लिए एक पौधा अवश्य लगाएं..... ?