महाबलेश्वर के आंबेनली घाट में भीषण हादसा, 1500 फीट गहरी खाई में गिरी स्कॉर्पियो
# दूरबीन से तलाशे गए शव, आठ लोगों की मौत से मचा हड़कंप
महाबलेश्वर।
तहलका 24×7
महाराष्ट्र के महाबलेश्वर के पास आंबेनली घाट में सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई।हादसा उस समय हुआ जब एक स्कॉर्पियो कार अनियंत्रित होकर करीब 1500 फीट गहरी खाई में जा गिरी।हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़े पैमाने पर राहत एवं बचाव अभियान शुरु किया गया।मिली जानकारी के अनुसार रायगढ़ जिले के पोलादपुर क्षेत्र स्थित आंबेनली घाट में दाबेली गांव के पास तड़के करीब 2:45 बजे यह हादसा हुआ।

बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो सवार सभी लोग कोंकण क्षेत्र से सतारा जिले की ओर लौट रहे थे।इसी दौरान घाट के खतरनाक मोड़ पर वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सीधे गहरी खाई में जा गिरी।हादसे की सूचना मिलते ही पोलादपुर पुलिस,महाबलेश्वर ट्रैकर्स,प्रतापगढ़ रेस्क्यू टीम,सिस्केप महाड-पोलादपुर,आपदा मित्र तथा स्थानीय लोगों की टीमें मौके पर पहुंच गईं।

खाई अत्यधिक गहरी होने के कारण शुरुआत में राहतकर्मियों को नीचे उतरने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।बचाव दल ने दूरबीन की सहायता से नीचे शवों की तलाश शुरु की,जिसके बाद पहला शव दिखाई दिया।बताया जा रहा है कि बेहद कठिन परिस्थितियों में रेस्क्यू टीम को करीब 500 से 700 फीट गहराई तक उतरना पड़ा।काफी मशक्कत के बाद दो शवों को बाहर निकाला गया,जबकि अन्य शवों और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को निकालने का अभियान लगातार जारी है।

पुलिस के मुताबिक दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो सतारा जिले के कोरेगांव तालुका के आसगांव की बताई जा रही है।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि तेज रफ्तार और घाट क्षेत्र में खराब दृश्यता हादसे की वजह हो सकती है।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है,वहीं पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।


















