दूल्हा हत्याकांड: एक लाख का इनामी आरोपी रवि यादव एनकाउंटर में ढेर
# पुलिस मुठभेड़ में चली ताबड़तोड़ गोलियां, थाना प्रभारी समेत दो पुलिसकर्मी घायल
खेतासराय, जौनपुर।
डॉ. सुरेश कुमार
तहलका 24×7
जिले के बहुचर्चित दूल्हा हत्याकांड में फरार चल रहा एक लाख रुपये का इनामी बदमाश रवि यादव सोमवार देर रात पुलिस मुठभेड़ में मार गिराया गया। क्षेत्र के रानीमऊ इलाके में हुई इस मुठभेड़ के दौरान जमकर गोलियां चलीं,जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई।मुठभेड़ में लाइनबाजार थाना प्रभारी केके सिंह गोली लगने से घायल हो गए,जबकि एक अन्य पुलिसकर्मी की जान बुलेटप्रूफ जैकेट ने बचा ली।

पुलिस ने घायल अधिकारी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि दूल्हा हत्याकांड का आरोपी रवि यादव अपने एक साथी के साथ बाइक से रानीमऊ क्षेत्र में आने वाला है।सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में खेतासराय,सरायख्वाजा,लाइन बाजार थाने की पुलिस व एसओजी की संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी कर चेकिंग शुरु कर दी। इसी दौरान संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया गया तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरु कर दी।

जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला। दोनों ओर से चली गोलियों के बीच रवि यादव गंभीर रुप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।बताया जा रहा है कि मुठभेड़ के दौरान रवि यादव का एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।घटनास्थल से पुलिस ने हथियार और बाइक बरामद करने का दावा किया है।

गौरतलब है कि बीते एक मई को खेतासराय थाना क्षेत्र के मनेछा गांव में बारात के दौरान दूल्हा आजाद बिन्द की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बड़ऊर गांव निवासी 21 वर्षीय आजाद बिन्द की शादी जमदहा बीबीपुर गांव में तय थी।बारात पूरे धूमधाम से निकली थी, लेकिन मनेछा बादशाही के पास बाइक सवार बदमाशों ने दूल्हे की कार पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी थीं।गंभीर हालत में दूल्हे को जिला अस्पताल ले जाया गया,जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया था।

इस सनसनीखेज हत्याकांड की जांच में पुलिस ने खुलासा किया था कि दुल्हन के ममेरे भाई प्रदीप बिन्द ने अपने साथी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। पुलिस अब तक कई आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है,जबकि रवि यादव सहित तीन आरोपियों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार अन्य इनामी आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।जिले में चर्चित हत्याकांड के मुख्य आरोपी के एनकाउंटर के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है,वहीं इलाके में इस घटना को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है।


















