मुठभेड़ में शातिर गौ-तस्कर गिरफ्तार,पैर में लगी गोली, असलहा व बाइक बरामद
खुटहन, जौनपुर।
मुलायम सोनी
तहलका 24×7
अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए स्थानीय पुलिस ने रविवार की देर रात मुठभेड़ में एक शातिर गौ-तस्कर को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया।पुलिस दावे के अनुसार खुटहन चौराहे पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।इसी दौरान सूचना मिली कि रसूलपुर गांव स्थित राम अधार इंटर कॉलेज के पास जंगल क्षेत्र में कुछ तस्कर छुट्टा गोवंशी पशुओं को पकड़कर वध के लिए ले जाने की फिराक में हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए सेंवई नाला के आगे कच्चे मार्ग पर घेराबंदी की,खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरु कर दी।पुलिस ने बदमाशों को कई बार आत्मसमर्पण के लिए ललकारा,लेकिन उन्होंने दोबारा फायरिंग कर दी।इस दौरान एक गोली थानाध्यक्ष राम आश्रम राय के पास से गुजर गई।स्थिति को नियंत्रित करने और आत्मरक्षा के लिए पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की,जिसमें हसनैन उर्फ गज्जू (34) निवासी बीरी समसुद्दीनपुर के बाएं पैर में गोली लग गई।

उसे मौके से गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।मुठभेड़ के दौरान उसके दो साथी इकबाल उर्फ गज्जू निवासी लमहन थाना महाराजगंज तथा आशिक निवासी बीरी समसुद्दीनपुर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दबिश शुरु कर दी है।मौके से एक देशी तमंचा,दो खोखा कारतूस,एक चाकू,रस्सी और मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ गोवध,शस्त्र अधिनियम व अन्य गंभीर धाराओं में कई आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं।पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरु कर दी है।गिरफ्तार करने वाली टीम में थानाध्यक्ष के अलावा उप निरीक्षक रामजन्म प्रसाद,कांस्टेबल कुलदीप गोस्वामी,सुरेन्द्र वर्मा,सोनू यादव,रंजीत यादव,आनंद पासवान शामिल रहे।

















