‘मुसलमान देश के किराएदार नहीं, भारत के मूल नागरिक हैं: इंद्रेश कुमार
# बोले- अंग्रेजों की ‘फूट डालो’ नीति से हुआ देश का विभाजन, सभी की पहचान भारतीय के रुप में होनी चाहिए
नागपुर।
तहलका 24×7
आरएसएस के वरिष्ठ नेता इंद्रेश कुमार ने कहा है कि भारत के मुसलमान इस देश के किराएदार नहीं,बल्कि भारत के मूल नागरिक थे और हैं।उन्होंने कहा कि अंग्रेजों ने यह षड्यंत्र रचा कि हिंदू और मुसलमान एक साथ नहीं रह सकते,जिसके
परिणामस्वरुप देश का विभाजन हुआ।

इंद्रेश कुमार ने कहा कि दुनिया के किसी भी देश में लोगों की पहचान केवल उनके धर्म से नहीं होती।उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि अरब के व्यक्ति को अरबी,तुर्की के व्यक्ति को तुर्की,ईरान के व्यक्ति को ईरानी और इराक के व्यक्ति को इराकी कहा जाता है। इसी प्रकार ब्रिटेन के नागरिक को ब्रिटिश और अमेरिका के नागरिक को अमेरिकी कहा जाता है।

उन्होंने कहा कि भारत में भी धर्म,जाति,भाषा,मूलवंश या क्षेत्र चाहे जो भी हो,सभी की पहचान भारतीय के रुप में होनी चाहिए।उन्होंने कहा,”हम भारतीय थे,भारतीय हैं और भारतीय ही रहेंगे।कोई भी हमसे यह अधिकार नहीं छीन सकता।”आरएसएस नेता ने कहा कि देश की एकता और अखंडता बनाए रखने के लिए सभी नागरिकों को अपनी साझा भारतीय पहचान को सर्वोपरि रखना चाहिए।

















