युवक की करेंट लगने से मौत, पुलिस ने किया पीएम कराने से इंकार
# थाने के मुंशी ने मेमो लौटाया, दो घंटे इंतजार के बाद परिजन शव लेकर चले गए घर
शाहगंज, जौनपुर।
एखलाक खान
तहलका 24×7
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र और कोतवाली पुलिस के बीच की रार में आम जनता को खासी परेशानी झेलना पड़ रहा है।जिसकी बानगी मंगलवार को देखने को मिली।मामला दूसरे थानाक्षेत्र के मरीज की मौत का है।जिसका मेमो लेने से पुलिस के मुंशी ने मना कर दिया, अंततः बिना पोस्टमार्टम कराए परिवार के लोग शव लेकर घर जाने को मजबूर हुए।जानकारी के अनुसार सुल्तानपुर जनपद के अखण्ड नगर थानान्तर्गत बराहीमपुर सनदपुर गांव निवासी दिनेश कुमार गौतम (32) पुत्र संतराम की गांव के समीप मेवनगर बाजार में वेल्डिंग की दुकान है।

मंगलवार की दोपहर युवक काम करते समय करेंट की चपेट में आ गया।परिजन व ग्रामीण आनन-फानन में उसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचे, जहां देखते ही चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।युवक की मौत के बाद अस्पताल ने कार्रवाई करते हुए मेमो के माध्यम से कोतवाली पुलिस को घटना की सूचना भेजी।आरोप है कि थाने पर तैनात मुंशी ने मेमो लेकर पहुंचे चिकित्साकर्मी को दूसरे थाने का मामला होने का हवाला देकर लेने से मना कर दिया।कर्मी द्वारा मिन्नत खुशामद करने पर थाने के मुंशी ने इमर्जेंसी ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डा. हरिओम मौर्य को फोन पर भविष्य में दूसरे थाना क्षेत्र के घटना की सूचना न भेजने की हिदायत दे डाली।

पुलिस और अस्पताल के बीच की इस रार में परिजन शव लेकर लगभग दो घंटे तक पोस्टमार्टम के लिए परेशान होकर घर लौटने को मजबूर हो गए।मामले में चिकित्साधीक्षक डा. रफीक फरुकी ने बताया कि इस तरह का मामला कई बार हो चुका है, दूसरे थाने की सूचना लेने से पुलिस कतराती है। इसकी शिकायत क्षेत्राधिकारी से की गई, लेकिन मसले का कोई हल नही निकला।

अब पुलिस अधीक्षक, जिलाधिकारी को पत्र भेजकर दिशा निर्देश लिया जाएगा। वहीं क्षेत्राधिकारी अजित सिंह चौहान ने कहा कि अस्पताल कोई सूचना भेजता है तो स्थानीय थाने की जिम्मेदारी होती है कि वो प्राथमिक कार्रवाई पूरी करते हुए संबंधित थाने को जानकारी दे। कहा मामला संज्ञान में आया है, इसकी जांच कराई जाएगी।

















