वरुणा नदी में युवक का शव मिलने से फैली सनसनी,पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
वाराणसी।
तहलका 24×7
जैतपुरा थाना क्षेत्र के नमरीबाग पुल पटरी के पास वरुणा नदी में 30 वर्षीय युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।मृतक की पहचान धीरज सरोज पुत्र राधेश्याम,निवासी नमरीबाग (डी-35/130) के रुप में हुई।परिजनों के अनुसार धीरज सरोज पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे।

उनके भाई नीरज सरोज ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि बुधवार शाम दवा लेने के बाद धीरज घर लौटे थे।गुरुवार सुबह मोहल्ले के कुछ युवक नमरीबाग पुल पटरी पर टहलने गए तो उन्होंने वरुणा नदी में एक शव उतराता देखा।पास जाकर पहचान करने पर शव धीरज का निकला।स्थानीय लोगों की मदद से शव को नदी से बाहर निकालकर घर लाया गया।

सूचना मिलते ही जैतपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर जांच शुरु कर दी है।फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है।पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।


















